नई दिल्ली। राजधानी में शराब की कीमतों में जल्द बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। दिल्ली सरकार ने होटल, क्लब और रेस्टोरेंट श्रेणी के शराब लाइसेंसों को वर्ष 2026-27 तक नवीनीकरण करने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही आबकारी विभाग ने इस बार लाइसेंस शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।
आबकारी विभाग के निर्देशों के अनुसार, जिन लाइसेंसधारकों का नवीनीकरण किया जा रहा है, उन्हें बढ़े हुए शुल्क के तहत निर्धारित राशि का भुगतान करना अनिवार्य होगा। यदि कोई लाइसेंसधारक बढ़ी हुई फीस जमा नहीं करता है तो विभाग उसके परिवहन परमिट को रोक सकता है। यानी बिना शुल्क भुगतान के शराब की आपूर्ति बाधित हो सकती है।
सरकार का यह कदम नई आबकारी नीति के तहत उठाया गया है, जिसे जल्द लागू किए जाने की तैयारी है। माना जा रहा है कि बढ़े हुए लाइसेंस शुल्क का बोझ होटल, क्लब और रेस्टोरेंट संचालक सीधे ग्राहकों पर डाल सकते हैं, जिससे शराब के दाम बढ़ने की संभावना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि लाइसेंस शुल्क में वृद्धि से सरकार के राजस्व में इजाफा होगा, लेकिन आम उपभोक्ताओं को जेब ढीली करनी पड़ सकती है। आने वाले दिनों में नई आबकारी नीति के विस्तृत प्रावधान सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
दिल्ली में शराब महंगी हो सकती है, लाइसेंस शुल्क में 10% बढ़ोतरी


