अमृतपुर/फर्रुखाबाद: तहसील क्षेत्र के ग्राम आसमपुर तितर्फा, (Village Assampur Titrafa) ब्लॉक राजेपुर निवासी दिव्यांग कौशल कुमार अग्निहोत्री ने राजस्व एवं ग्राम्य विकास विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर आमरण अनशन की चेतावनी दी थी। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) को संबोधित ज्ञापन में आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
कौशल कुमार का कहना था कि उन्होंने गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम एवं तहसील अमृतपुर के सम्पूर्ण समाधान दिवस में कई बार प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी रहीं। उनके अनुसार राजस्व विभाग की बंजर भूमि गाटा संख्या 2296घ (लगभग 5 डिसमिल) तथा नवीन परती भूमि गाटा संख्या 2294 (0.1090 हेक्टेयर) पर कथित अवैध कब्जा है। साथ ही चकमार्ग गाटा संख्या 2312 पर भी अतिक्रमण की शिकायत की गई।

ज्ञापन में कुछ अधिकारियों पर गलत निस्तारण रिपोर्ट लगाने का आरोप भी लगाया गया तथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध जांच और कार्रवाई की मांग की गई। इसके अतिरिक्त ग्राम हरसिंहपुर गहलवार में मुख्य मार्ग से श्री शिव शंकर मंदिर एवं ब्रह्मदेव स्थान तक पक्की सड़क निर्माण की मांग उठाई गई, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिल सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी संजय सिंह ने दिव्यांग बाबा से वार्ता की। वार्ता के दौरान तहसीलदार शशांक सिंह, चिकित्साधिकारी गौरव वर्मा, निरीक्षक रवि सोलंकी तथा राघवेंद्र भदोरिया सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाबा को समझाया तथा उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डॉक्टर की निगरानी में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दिव्यांग बाबा ने सहमति जताई और जूस पीकर अनशन समाप्त कर दिया। प्रशासन की ओर से प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। तहसीलदार शशांक सिंह ने बताया है कि जो मांगे बाबा के द्वारा दी गई थी उन पर एक हफ्ते के अंदर गहनता से जांच कर निस्तारण किया जाएगा


