फर्रुखाबाद। नवाबगंज नगर के बाईपास मार्ग पर बुधवार तड़के करीब चार बजे बड़ा हादसा हो गया। बाबू सिंह बालिका डिग्री कॉलेज के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक का स्टीयरिंग अचानक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक केबिन के भीतर बुरी तरह फंस गया।
ट्रक पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक की खिड़की तोड़कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। चालक की पहचान नितिन कुमार के रूप में हुई है।
चालक नितिन कुमार ने बताया कि वह हरियाणा से ट्रक में माल लादकर मध्य प्रदेश के सतना की ओर जा रहे थे। नवाबगंज बाईपास पर अचानक स्टीयरिंग फेल हो जाने से ट्रक पर नियंत्रण नहीं रहा और वाहन पलट गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। सुबह दो क्रेन मंगवाकर पलटे हुए ट्रक को सीधा कराया गया। इस दौरान बाईपास मार्ग पर दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्टीयरिंग फेल होने से ट्रक पलटा, चालक केबिन में फंसा; बाईपास पर लगा लंबा जाम


