भतीजे ने दी मुखाग्नि; गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

लखनऊ| राजधानी के आशियाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात के बाद बुधवार को मानवेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के उपरांत उनके सेक्टर-एल स्थित आवास पर पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे और आसपास के लोग भी गमगीन माहौल में एकत्र हो गए। मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में परिचित, रिश्तेदार व स्थानीय लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
49 वर्षीय मानवेंद्र सिंह शराब कारोबारी होने के साथ-साथ पैथोलॉजी का संचालन भी करते थे। उनकी हत्या के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम हाउस से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घर पर अंतिम दर्शन के दौरान परिवार के सदस्यों की हालत अत्यंत दयनीय रही। महिलाओं की चीख-पुकार से वातावरण भावुक हो उठा।
इसके बाद अंतिम यात्रा निकाली गई, जो वीआईपी रोड स्थित बैकुंठ धाम पहुंची। यहां पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। मानवेंद्र के भतीजे कृत सिंह ने मुखाग्नि दी। श्मशान घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम थीं और हर कोई इस दुखद घटना पर स्तब्ध नजर आया।
परिजनों के अनुसार मानवेंद्र मिलनसार स्वभाव के थे और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिवार अब भी गहरे सदमे में है और घर पर मातम का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here