छोटू कबाड़ी पर सिस्टम से मिलीभगत के गंभीर आरोप
फर्रुखाबाद| शहर के थानामऊ दरवाजा क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना मऊदरवाजा के ठीक सामने छोटू कबाड़ी नाम से चर्चित व्यक्ति द्वारा खुलेआम ऑनलाइन सट्टे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह कथित गतिविधि पुलिस थाने के सामने ही चल रही है, जिससे आमजन में आक्रोश और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क चला रहा है और अपने अधीन छोटे सटोरियों को संरक्षण देने का दावा करता है। आरोप है कि वह खुलेआम कहता फिरता है कि उसकी पुलिस विभाग में ऊपर तक सेटिंग है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इतना ही नहीं, यह भी चर्चा है कि वह संबंधित जिम्मेदारों तक नियमित रूप से महीना पहुंचाने की बात कहकर अपने नेटवर्क को आश्वस्त करता है, जिससे उसके साथ जुड़े लोग बेखौफ होकर सट्टे के कारोबार में सक्रिय रहते हैं।बताया जा रहा है कि ऑनलाइन सट्टा मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और कॉल के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिसमें युवाओं को तेजी से जोड़ा जा रहा है। इससे न केवल आर्थिक शोषण की आशंका बढ़ रही है, बल्कि युवाओं का भविष्य भी दांव पर लग रहा है। कई परिवारों ने चिंता जताई है कि उनके घर के युवा इस अवैध गतिविधि की चपेट में आ रहे हैं, जिससे पारिवारिक तनाव और आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि थाना परिसर के ठीक सामने इस प्रकार का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है तो यह कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में अवैध सट्टे के इस कथित नेटवर्क पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को किस गंभीरता से लेता है और क्या सचमुच इस कथित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर नकेल कसी जाएगी या फिर यह कारोबार यूं ही बेखौफ चलता रहेगा।


