29.4 C
Lucknow
Tuesday, February 24, 2026

दिल्ली-लेह स्पाइसजेट फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

Must read

इंजन में चिंगारी दिखने से वापस लौटा विमान

नई दिल्ली। मंगलवार सुबह दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरने वाली निजी विमानन कंपनी स्पाइसजेट की फ्लाइट को इंजन में तकनीकी खराबी के चलते वापस दिल्ली लौटाना पड़ा। समाचार एजेंसी (पीटीआई) ने सूत्रों के हवाले से बताया कि फ्लाइट संख्या SG121 ने सुबह करीब 6:21 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद इंजन में चिंगारी देखे जाने की सूचना मिलने पर पायलट ने एहतियातन विमान को राष्ट्रीय राजधानी में ही सुरक्षित उतार लिया।
बताया जा रहा है कि यह विमान अमेरिकी कंपनी बोएग का बोइंग 737 मॉडल था, जिसमें लगभग 150 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। उड़ान की निगरानी करने वाली वेबसाइट फ्लाइटराडार 24 के अनुसार विमान को सुबह 5:55 बजे दिल्ली से लेह के लिए रवाना होना था, लेकिन यह निर्धारित समय से थोड़ी देर बाद टेकऑफ कर सका।
उड़ान के दौरान इंजन में चिंगारी दिखने के बाद पायलट ने तत्काल एटीसी से संपर्क किया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बयान जारी कर बताया कि तकनीकी कारणों से फ्लाइट को वापस लौटाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉकपिट में आग लगने संबंधी कोई चेतावनी संकेत जारी नहीं हुआ था। विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है और वैकल्पिक व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि लेह जैसे उच्च ऊंचाई वाले एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले विमान की तकनीकी स्थिति पूरी तरह दुरुस्त होना बेहद जरूरी होता है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय द्वारा भी इस तरह की घटनाओं की निगरानी की जाती है और आवश्यक होने पर जांच के आदेश दिए जाते हैं। फिलहाल घटना के कारणों की पड़ताल जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article