दरोगा मोनू शाक्य विरुद्ध हाई कोर्ट में चल रहे दो मामले
फर्रुखाबाद। जनपद में पुलिस विभाग में एक अहम प्रशासनिक बदलाव करते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अमृतपुर थाना अध्यक्ष के पद पर तैनात रहीं मोनू शाक्य का तबादला कर दिया है। उन्हें अब महिला थाने का चार्ज सौंपा गया है। वहीं महिला थाना अध्यक्ष के पद पर तैनात रहीं रक्षा सिंह को अमृतपुर थाने की नई प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि अमृतपुर थाना अध्यक्ष के रूप में तैनात रहीं मोनू शाक्य लगातार विवादों के घेरे में रही हैं। उनके विरुद्ध दो प्रकरण उच्च न्यायालय में विचाराधीन बताए जा रहे हैं। पहला मामला दुष्कर्म पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज न करने से संबंधित है, जबकि दूसरा प्रकरण एक व्यक्ति को एससी/एसटी एक्ट की धारा में कथित रूप से फंसाने के आरोप से जुड़ा है। दोनों मामलों के हाई कोर्ट पहुंचने के बाद विभागीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई थी।
सूत्रों के अनुसार इन प्रकरणों को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने प्रशासनिक दृष्टि से यह निर्णय लिया। आदेश जारी करते हुए मोनू शाक्य को अमृतपुर से हटाकर महिला थाने का प्रभार दिया गया है। वहीं अमृतपुर थाने की कमान अब रक्षा सिंह को सौंपी गई है।
रक्षा सिंह के अमृतपुर थाना प्रभारी बनाए जाने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर नई रणनीति तैयार किए जाने की चर्चा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए प्रभारी के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में लंबित मामलों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।





