सोनभद्रl जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव के जंगल में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। सफेद मिट्टी की खोदाई के दौरान मिट्टी का टीला (ढीहा) अचानक ढह गया, जिससे वहां काम कर रही कई महिलाएं मलबे में दब गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथ गए लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।
ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का प्रयास किया। सुबह करीब साढ़े 11 बजे तक तीन शव मलबे से बरामद किए जा चुके थे, जबकि अन्य की तलाश जारी रही। घायलों को तत्काल म्योरपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सदिकुनिषा (35) निवासी बडहोर थाना बभनी, अमीषा खातून (35) निवासी किरवानी और सीता (30) निवासी किरवानी के रूप में हुई है। वहीं फूलकुमारी नामक एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है, जिनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि जिले के ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में लोग सफेद मिट्टी का उपयोग करते हैं। इसी मिट्टी को लाने के लिए महिलाएं और बच्चे जंगल में गए थे। खोदाई के दौरान सुरंग बनाकर टीले के नीचे तक चले जाने से यह हादसा हुआ। प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की जा रही है।


