अज्ञात वाहन में पीछे से घुसी टूरिस्ट बस, 7 छात्र घायल
उन्नाव। लखनऊ-आगरा मार्ग पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार टूरिस्ट बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। हादसे में सात छात्र घायल हो गए, जबकि अन्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर हुई। जानकारी के अनुसार बस में कर्नाटक के 18 छात्र सवार थे, जो शैक्षणिक भ्रमण पर निकले थे।
ड्राइवर को आई नींद, हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद आने के कारण यह दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार में चल रही बस अचानक आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल छात्रों की हालत खतरे से बाहर है।पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। साथ ही बस चालक से भी पूछताछ की जा रही है।घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा


