इलाज न मिलने और दबाव बनाने का आरोप, परिजनों ने जेल प्रशासन पर उठाए सवाल
पीलीभीत। दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे एक कैदी की बरेली जिला जेल में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान सर्वेश के रूप में हुई है, जो पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ज्योराह गांव का निवासी बताया जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि सर्वेश पिछले कुछ समय से बीमार था, लेकिन जेल प्रशासन ने समय पर उसका समुचित इलाज नहीं कराया। उनका कहना है कि बीमारी की शिकायत के बावजूद उसे नजरअंदाज किया गया, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई।
मरने से पहले लगाया गंभीर आरोप
परिवार के अनुसार, सर्वेश ने मौत से पहले जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे। परिजनों का दावा है कि उस पर जबरन कागजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय पर उपचार मिलता तो जान बचाई जा सकती थी।
मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
जेल प्रशासन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरेली जेल में सजा काट रहे कैदी की संदिग्ध मौत


