17.5 C
Lucknow
Saturday, February 21, 2026

गणित के पेपर के तनाव में 10वीं की छात्रा ने लगाई फांसी

Must read

इटावा: शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित यशोदा नगर में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गणित के पेपर के तनाव में कक्षा 10 की एक छात्रा ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यशोदा नगर निवासी सत्यवीर सिंह की 15 वर्षीय बेटी अनुष्का गौतम सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल (कक्षा 10) की परीक्षाएं दे रही थी। बताया जा रहा है कि हाल ही में उसका गणित का पेपर हुआ था, जिसे लेकर वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी। परिजनों के मुताबिक वह पढ़ाई को लेकर गंभीर रहती थी और अच्छे अंक लाने का दबाव महसूस कर रही थी।

घटना वाले दिन दोपहर में उसकी मां हेमलता और छोटा भाई लकी बाजार चले गए थे, जबकि अनुष्का घर पर अकेली थी। शाम को जब मां और भाई वापस लौटे तो घर का मुख्य गेट खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो अनुष्का अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देखकर मां की चीख निकल गई और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, हालांकि छात्रा के मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों का कहना है कि वह गणित के पेपर को लेकर तनाव में थी, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह ऐसा कदम उठा लेगी।

मोहल्ले के लोगों के अनुसार अनुष्का पढ़ाई में अच्छी थी और शांत स्वभाव की लड़की थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article