शराब पार्टी के बाद विवाद, डंडों से पीटकर की हत्या; SSP सहित भारी पुलिस बल मौके पर
एटा। जिले में दोस्ती का रिश्ता खून में बदल गया। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के उज्जेपुर गांव में एक व्यक्ति की उसके ही दोस्तों ने कथित रूप से डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक का शव उसके घर से महज 15 मीटर दूर मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
शराब पार्टी के बाद हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक दिनेश अपने दोस्तों कुलदीप और श्यामपाल के साथ शराब पार्टी करने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि कुलदीप और श्यामपाल ने दिनेश को डंडों से बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल दिनेश जान बचाने के लिए भागता हुआ अपने घर की ओर दौड़ा, लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर गिर पड़ा। अत्यधिक चोट और खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहित भारी पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद उज्जेपुर गांव में तनाव और भय का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here