औरैया: औरैया (Auraiya) जिला में रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां तेज रफ्तार कार (speeding car) नहर में जा गिरी। हादसे में एक महिला और 2 पुरुष की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा।
खबरों के मुताबिक, घटना अछल्दा थानाक्षेत्र में तुरुकपुर गांव के पास उस वक्त घटी, जब कार में सवार होकर 3 लोग दिबियापुर से इटावा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसा होता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार सवार लोगों को बाहर निकाला।
हालांकि, कार सवार महिला और दोनों युवकों की तब तक सांसें थम चुकी थी। पुलिस ने तीनों मृतकों की लाश को पीएम के लिए भेजा है। मृतकों की पहचान में जुट गई है। घटना को लेकर लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार होने की वजह से घटना घटी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।


