नवाबगंज में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मदाबाद अजय वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर के मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर पैदल फ्लैग मार्च निकाला।
गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य चौराहों पर संदिग्ध प्रतीत होने वाले बाइक सवारों को रोककर उनसे पूछताछ की और वाहनों की सघन तलाशी भी ली। पुलिस की इस सक्रियता का मुख्य उद्देश्य अराजक तत्वों में भय पैदा करना और आम जनमानस में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना है।
इस फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा। इनमें थाना प्रभारी राजीव कुमार, क्राइम प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार राय, कस्बा प्रभारी गीतम सिंह और एसएसआई राम सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे। इनके अतिरिक्त कांस्टेबल कमल गंगवार, किरन कुमार, हर्षित चौहान, अरविंद कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी भी टीम का हिस्सा थे।
पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने में मदद मिलेगी।


