चंदौली: चंदौली (Chandauli) जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार दोपहर मकान की ढलाई के दौरान छज्जा गिरने से 50 वर्षीय हकीमुल्ला शाह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर (Laborer) घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया। मिली जानकारी के अनुसार नैढ़ी गांव निवासी हकीमुल्ला शाह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
मंगलवार को वे अपने पुराने घर को तोड़कर नए मकान की छत की ढलाई का कार्य करा रहे थे। ढलाई के दौरान छज्जे के नीचे लगा गार्डर अचानक खिसक गया, जिससे छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। उस समय हकीमुल्ला नीचे खड़े होकर सेंट्रिंग का काम देख रहे थे और छज्जा सीधे उनके ऊपर आ गिरा।
घटना में ऊपर काम कर रहे दो सगे भाई मजदूर—35 वर्षीय सतीश राम और 38 वर्षीय बबलू—भी नीचे गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सभी घायलों को नजदीकी सैदपुर (जनपद गाजीपुर) स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हकीमुल्ला शाह को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर मारूफपुर चौकी इंचार्ज अमित सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का आग्रह किया, लेकिन परिजनों ने इंकार कर दिया। हकीमुल्ला शाह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी सोना, पुत्र सलीम, आलिम, तालीम और पुत्री नाजिया का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।


