भाई के सामने वारदात से गांव में सनसनी

लखनऊ| 

राजधानी में सोमवार देर रात ससुराल पहुंचे एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात उसके सगे भाई के सामने अंजाम दी गई, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना काकोरी थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव की है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय रामसागर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पीलीभीत जनपद के माधव टांडा क्षेत्र का रहने वाला था। उसके भाई राहुल गौतम ने बताया कि रामसागर की ससुराल लालता खेड़ा गांव में है। उसकी पत्नी कामिनी वहीं रह रही थी। आरोप है कि बंथरा थाना क्षेत्र के लोनहा निवासी पंकज उर्फ बल्ले ने रामसागर को पत्नी से मिलने के बहाने गांव बुलाया था।
राहुल के अनुसार, वह अपने भाई के साथ लालता खेड़ा पहुंचा था। वहां पहले से मौजूद गांव निवासी सुमित, अमित और पंकज ने मिलकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने रामसागर को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि घायल रामसागर को सरोजनीनगर सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here