17 C
Lucknow
Monday, February 16, 2026

होली पर घर वापसी की भीड़ बढ़ी, ट्रेनों में वेटिंग; औरैया से दिल्ली-कानपुर रूट पर छह नई बसों की मांग

Must read

औरैया: चार मार्च को पड़ने वाले होली (Holiपर्व को लेकर घर वापसी की तैयारी तेज हो गई है। परदेश में नौकरी या कारोबार करने वाले लोग अभी से अपने गृह जनपद लौटने की योजना बना रहे हैं, जिससे ट्रेनों और बसों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। अधिकांश ट्रेनों में आरक्षित सीटें फुल हो चुकी हैं और लंबी वेटिंग चल रही है। स्थिति को देखते हुए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है और छह नई बसों की मांग शासन स्तर पर भेजी गई है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार दिल्ली, कानपुर, लखनऊ और अन्य प्रमुख शहरों से होकर गुजरने वाली सुपरफास्ट और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में कई दिनों पहले से ही सीटें बुक हो चुकी हैं। होली से एक सप्ताह पहले और बाद की तिथियों पर वेटिंग लिस्ट लगातार बढ़ रही है। यात्रियों का कहना है कि तत्काल टिकट की भी भारी मांग है और कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। त्योहार के दौरान परिवार के साथ सफर करने वालों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दूसरी ओर रोडवेज प्रशासन ने संभावित भीड़ को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं। औरैया डिपो से दिल्ली और कानपुर मार्ग पर विशेष सहूलियत देने की योजना बनाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि सुबह से देर शाम तक नियमित अंतराल पर बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त फेरों का भी संचालन किया जाएगा।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज अपर्णा मीनाक्षी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए होली से पहले बसों के फेरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। छह नई 42 सीटर बसों की डिमांड भेजी गई है और उम्मीद है कि त्योहार से पहले बसें उपलब्ध हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख रूटों पर पर्याप्त बसें चलाई जाएंगी और समय सारणी का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

उधर निजी ट्रेवल्स एजेंसियों ने भी बढ़ती मांग को देखते हुए किराए में इजाफा कर दिया है। प्रमुख लग्जरी बस ऑपरेटरों के अनुसार सीट और स्लीपर दोनों श्रेणियों के किराए में लगभग 200 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके बावजूद लोग अग्रिम बुकिंग करा रहे हैं, ताकि त्योहार पर घर पहुंचने में कोई दिक्कत न हो।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने अपील की है कि लोग समय रहते टिकट और बस सीटों की बुकिंग करा लें तथा अधिकृत काउंटर या ऑनलाइन माध्यम का ही उपयोग करें। त्योहार के दौरान भीड़ प्रबंधन और यात्री सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे, ताकि सभी लोग सुरक्षित और सुगम यात्रा कर सकें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article