फतेहपुर: फतेहपुर में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं (Board exams) 18 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में कुल 117 परीक्षा केंद्र (Exams centers) बनाए गए हैं। प्रशासन ने परीक्षा संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिले को परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन जोन और 15 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे। सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं को सीसीटीवी निगरानी में सुरक्षित रखा गया है, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
परीक्षा संचालन के लिए 4067 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 2511 माध्यमिक और 1556 बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक शामिल हैं। बेसिक शिक्षकों को विशेष रूप से बाह्य कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एक केंद्र प्रभारी की नियुक्ति की गई है।
सुरक्षा और निगरानी के लिए आठ सचल दल गठित किए गए हैं, जो परीक्षा के दौरान लगातार भ्रमणशील रहकर केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र भेज दिए गए हैं और अधिकांश विद्यालयों ने उन्हें छात्रों में वितरित भी कर दिया है। परीक्षार्थियों से समय से केंद्र पर पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की गई है।


