29 C
Lucknow
Tuesday, April 21, 2026

सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत

Must read

 

औरैया। अयाना थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रयागपुर भट्टा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गायत्री नगर निवासी रिंकी पाल (पत्नी सुरेंद्र पाल) ग्राम प्रयागपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। गुरुवार सुबह करीब सात बजे वह स्कूटी से अपने घर औरैया लौट रही थीं। जैसे ही वह अयाना थाना क्षेत्र के प्रयागपुर भट्टा के समीप पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि रिंकी पाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरीं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
सूचना मिलते ही अयाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सीज कर दिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article