16 C
Lucknow
Thursday, February 12, 2026

हजारा नहर पर सिरफिरे का तांडव: विवाहिता को बाइक से कुचला, दोनों पैर टूटे—शांतिभंग में चालान

Must read

 

कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित हजारा नहर पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिरफिरे युवक ने कथित रूप से रंजिश के चलते एक विवाहिता को तेज रफ्तार बाइक से टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय महिला के दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
शहर की एक कॉलोनी निवासी पीड़िता के पति ने बताया कि बदायूं जिले के उसहैत थाना क्षेत्र का रहने वाला आरोपी युवक उसकी पत्नी को लंबे समय से फोन कर परेशान कर रहा था। वह जबरन बात करने का दबाव बनाता था और इंकार करने पर पति की हत्या तक की धमकी देता था। आरोप है कि गुरुवार को आरोपी ने महिला को हजारा नहर के पास अकेले मिलने के लिए बुलाया था।
दोपहर करीब 1:30 बजे महिला अपने पति के साथ नहर पर पहुंची। पति को साथ देखकर आरोपी आगबबूला हो गया और पीछे से तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों पैरों में फ्रैक्चर की पुष्टि की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। सदर कोतवाली प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बाद में समझौता हो गया, जिसके चलते आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की धारा में चालान की कार्रवाई की गई है।
हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई न की गई तो ऐसे सिरफिरे तत्व दोबारा बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले पर नजर रखी जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article