शाहाबाद। थाना क्षेत्र के अमिरता गांव में गुरुवार सुबह एक महिला की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। खेत में प्याज की बुआई करने गई 45 वर्षीय श्रीदेवी का शव संदिग्ध हालात में पास के खेत में मिला। हमलावरों ने उनका सिर कूंचकर बेरहमी से हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बताया गया कि श्रीदेवी अपने दो बच्चों के साथ खेत पर प्याज की बुआई करने गई थीं। कुछ देर बाद बच्चे घर से खाना लेने चले गए। वापस लौटने पर मां खेत में नहीं मिलीं। बच्चों ने आसपास तलाश की और फिर परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी। खोजबीन के दौरान पास के रवी के खेत में उनका शव पड़ा मिला, जिसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। घटनास्थल पर टूटी चूड़ियां भी मिलीं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला ने हमलावरों का विरोध किया होगा।
घटना की जानकारी पर एएसपी आलोक राज नारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। श्रीदेवी के पति सुरेश हिमाचल प्रदेश की एक निजी फैक्ट्री में काम करते हैं और घटना के समय वहीं मौजूद थे। पुलिस ने उन्हें सूचना दे दी है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मामले के शीघ्र खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


