16 C
Lucknow
Thursday, February 12, 2026

गेस्ट हाउस संचालक की धारदार हथियार से हत्या, चार नामजद

Must read

 

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र में गुरुवार को गेस्ट हाउस संचालक अनिल सिंह उर्फ नीशू भदौरिया (50) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। उनका शव रामचंद्र डिग्री कॉलेज के पास खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुरोरी गांव निवासी नीशू भदौरिया नकटोरा पुलिया के पास स्थित अपने गेस्ट हाउस में परिवार सहित रहते थे। बेटे अजय के अनुसार, बुधवार को गांव में मुंडन संस्कार था। गुरुवार दोपहर उनके पिता के पास एक कॉल आई, जिसके बाद वह कथित रूप से पांच लाख रुपये नकद लेकर बाइक से बाजपुर नकटोरा स्थित टेंट हाउस की ओर निकले। वह गले में करीब 50 ग्राम की सोने की चेन भी पहने थे। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उनका शव कॉलेज के पास पड़ा है।

घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक खेत में खून से सना बांका बरामद हुआ है। पुलिस को मृतक का मोबाइल भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। नीशू भदौरिया क्षेत्र में गेस्ट हाउस के साथ टेंट हाउस और बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान भी संचालित करते थे। वह चार भाइयों में सबसे छोटे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और हरपालपुर सीओ सतेंद्र सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। एएसपी ने बताया कि रिंकू सिंह, धीरू सिंह, धीरज और रियासत अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article