गंगानगर क्षेत्र के मीनाक्षीपुरम की घटना, पुलिस जांच में जुटी
मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र के मीनाक्षीपुरम में उस समय सनसनी फैल गई जब एक ही घर में पति-पत्नी के शव पंखे से लटके मिले। मृतकों की पहचान लल्लू सिंह और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लल्लू सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस के रिटायर्ड दारोगा थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों के शव एक ही कमरे में एक ही पंखे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही मेरठ पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दंपति अकेले रहते थे। पड़ोसियों ने काफी देर तक दरवाजा न खुलने और किसी प्रकार की हलचल न होने पर शक होने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल है।



