27 C
Lucknow
Sunday, March 29, 2026

ब्लॉक व थाना का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश

Must read

फर्रूखाबाद: जिलाधिकारी (DM) आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार को विकासखंड कार्यालय राजेपुर (Block Office Rajepur) का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा नियमित समीक्षा और निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक परिसर में स्थित वाहन स्टैंड की रैंप को दुरुस्त कराने, वाटर कूलर से गिर रहे पानी की समस्या दूर कराने, निष्प्रयोज्य सामग्री एवं भवन की नीलामी कराने तथा ब्लॉक परिसर के आंतरिक रास्तों को ठीक कराने के आदेश दिए। साथ ही विकासखंड को प्राप्त केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त योजना की ग्रांट का शत-प्रतिशत उपभोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने थाना राजेपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में अभिलेखों को सही ढंग से संधारित रखने, आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने, थाने परिसर में रखे निष्प्रयोज्य सामान की नीलामी कराने तथा परिसर में भरे पानी की निकासी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस थानों में व्यवस्थाओं का सुदृढ़ होना आम जनता के विश्वास से जुड़ा हुआ है। निरीक्षण के अवसर पर उपजिलाधिकारी अमृतपुर, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article