फर्रुखाबाद: कानपुर रोड याकूतगंज (Kanpur Road Yakutganj) स्थित एस बी पब्लिक स्कूल (SB Public School) में विद्यालय स्तर पर नॉन-फायर कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पाक-कला, स्वच्छता, पोषण एवं रचनात्मकता का विकास करना रहा। येलो हाउस के छात्र-छात्राओं ने अपने हाउस हेड नीलेश सिंह के नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए, जिनमें स्वीट डिश, मैगी, बेल पानी-पुरी चाट, फ्रूट कस्टर्ड, पनीर सैंडविच, चना चाट, पापड़ी चाट, गोलगप्पे, मुरमुरा भेल, वेजिटेबल सैंडविच, मावा लड्डू, पुडिंग, ओरियो बॉल्स, ओरियो स्वीट बॉल्स, मलाई टोस्ट आदि प्रमुख रहे।
शानदार प्रस्तुति, स्वाद एवं स्वच्छता के आधार पर येलो हाउस ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।द्वितीय पुरस्कार रचना राजपूत के दिशा-निर्देशन में तैयार व्यंजनों को प्रदान किया गया, जबकि तृतीय पुरस्कार रेड हाउस ने राहुल राजपूत के मार्गदर्शन में प्राप्त किया।ग्रीन हाउस के छात्र-छात्राओं ने फैजुल हुसैन के नेतृत्व में आकर्षक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर विवेक सिंह यादव एवं सह-संचालिका स्नेहा यादव ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया, व्यंजनों का स्वाद लिया तथा छात्र-छात्राओं के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अपने संबोधन में डायरेक्टर विवेक सिंह यादव ने कहा कि छात्र-छात्राओं को शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ पाक-कला जैसी व्यवहारिक विधाओं में भी रुचि लेनी चाहिए। इससे उनमें आत्मनिर्भरता विकसित होती है तथा भविष्य में इस क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएँ भी उपलब्ध हैं। साथ ही वे अपने परिवार में भी सहयोगी भूमिका निभा सकते हैं।


