कमालगंज| थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार चार स्कूली छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भोजपुर बघार के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने छात्रों की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों छात्र सड़क पर गिर पड़े और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विकास पटेल ने सभी छात्रों का प्राथमिक उपचार किया।
उपचार के दौरान एक छात्र की हालत गंभीर पाई गई। चिकित्सकों ने जांच में अभिनव नामक छात्र के पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया गया। अन्य तीन छात्रों की हालत प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य बताई जा रही है।
घायलों की पहचान प्रखर पालीवाल पुत्र शांतिबोध पालीवाल निवासी कमालगंज, अभिनव पुत्र सतीश चंद्र (उम्र लगभग 14 वर्ष) निवासी मकरंद नगर बसहा, कोशल यादव पुत्र सुधीर कुमार (16 वर्ष) निवासी मुकुट नगला तथा हर्ष यादव पुत्र मनोज कुमार (15 वर्ष) निवासी मुकुट नगला के रूप में हुई है। सभी छात्र स्कूल से संबंधित बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना पर कमालगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो वाहन और उसके चालक के संबंध में जांच की जा रही है। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है





