कानपुर। एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता पर अपनी ही मासूम बच्ची की हत्या का गंभीर आरोप लगा है। बच्ची की मां ने पति पर नशे की हालत में क्रूरता करने और बच्ची को ठंडे पानी से भरे टब में फेंकने का आरोप लगाया है। यह घटना रावतपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी पिता नशे में अक्सर मारपीट करता था। आरोप है कि करीब एक माह पहले उसने बच्ची को ठंडे पानी से भरे टब में डाल दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। इलाज के दौरान बच्ची की हालत लगातार गंभीर बनी रही और आखिरकार एक माह बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के सही कारणों की पुष्टि की जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बच्ची की मां की तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here