37 C
Lucknow
Wednesday, May 13, 2026

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-कार की भिड़ंत में ससुर-दामाद की मौत, साला गंभीर घायल

Must read

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारात जाने से पहले टूटा परिवार

असोथर: थाना क्षेत्र के सिंघुतारा गांव के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना में ससुर और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के तिवारी का डेरा निवासी 28 वर्षीय सतीश कुमार उर्फ शानू अपनी ससुराल टिंडा रोड, गली नंबर-एक सेमराला ताजपुर, जिला लुधियाना (पंजाब) में रहकर मजदूरी करता था। वह अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के साथ जरौली गांव निवासी बुआ गुड़िया के पुत्र दीपू उर्फ दीपक की शादी में शामिल होने आया हुआ था।

गुरुवार को ही बारात बांदा जिले के भरतकूप (चित्रकूट) जानी थी। दोनों पक्षों में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी बीच सतीश अपने ससुर 42 वर्षीय राजकुमार और साले मोहित के साथ कार से जरौली गांव से असोथर कस्बे शादी का सामान खरीदने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार सिंघुतारा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

मौके पर मची चीख-पुकार, दो की मौत

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सतीश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 28 वर्ष पूर्व भी इसी परिवार में बारात के दौरान बड़ा हादसा हो चुका है। बताया गया कि दीपू के चाचा राधेलाल की बारात के समय गाजीपुर थाना क्षेत्र के चकसकरन गांव के पास ट्रैक्टर हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। ताजा हादसे के बाद गांव में उस पुराने दर्दनाक घटनाक्रम की चर्चा फिर से होने लगी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article