37.1 C
Lucknow
Friday, March 13, 2026

मंदिर कार्यक्रम के प्रसाद को लेकर हिस्ट्रीशीटर का उत्पात, आयोजक से मारपीट; रिपोर्ट दर्ज

Must read

बरेली: सीबीगंज थाना क्षेत्र में मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के प्रसाद को लेकर एक हिस्ट्रीशीटर द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रसाद सबसे पहले उसके घर न पहुंचने पर हिस्ट्रीशीटर ने कार्यक्रम आयोजक के घर में घुसकर मारपीट की और गांववालों को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

गांव ठिरिया ठाकुरान निवासी रुद्रपाल सिंह ने थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी को दी गई तहरीर में बताया कि उनके घर के सामने स्थित शिव मंदिर में एक फरवरी को माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्रीरामचरित मानस पाठ का आयोजन किया गया था। पाठ के उपरांत प्रसाद वितरण और कन्या भोज कराया गया था।

आरोप है कि उसी रात करीब आठ बजे गांव का हिस्ट्रीशीटर शिवकुमार सिंह उर्फ गब्बर सिंह अपने साथी इंद्रपाल सिंह के साथ तमंचा और लाठी लेकर गाली-गलौज करता हुआ उनके घर में घुस आया। दोनों ने आरोप लगाया कि मंदिर कार्यक्रम का प्रसाद सबसे पहले उनके घर क्यों नहीं पहुंचाया गया।

पीड़ित का कहना है कि गब्बर सिंह ने धमकी दी कि आगे से मंदिर में होने वाले हर धार्मिक कार्यक्रम का प्रसाद सबसे पहले उसके घर भेजा जाए। ऐसा न होने पर उसने ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष ने समझाने की कोशिश करते हुए कहा कि मंदिर पर केवल कन्या भोज हुआ था, कोई भंडारा नहीं किया गया था और घर पर मेहमान मौजूद हैं।

इस पर आरोप है कि दोनों हमलावरों ने रुद्रपाल सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हिस्ट्रीशीटर गब्बर सिंह पूर्व सांसद का बहनोई है और इससे पहले भी ग्राम प्रधान पर हमला करने तथा घर को बम से उड़ाने की धमकी दे चुका है।

थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपों की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article