हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के हिया गांव में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक कच्ची दीवार अचानक गिर गई, जिससे मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हिया ग्राम पंचायत में राम रतन के घर से बेचेलाल के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण का कार्य चल रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब 11:30 बजे गांव निवासी इसरार उर्फ गुड्डू और राजेंद्र (40), निवासी ग्राम नौतेरा थाना कासिमपुर, मनरेगा मजदूरी कर रहे थे।
इसी दौरान गांव निवासी जुद्दी की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से दोनों मजदूर मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहंदर पहुंचाया।
हालांकि, सीएचसी में चिकित्सकों ने दोनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना प्रभारी घनश्याम राम ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


