इटावा: उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई (Saifai Medical University) में रेज़िडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने कुलपति से शिष्टाचार भेंट की। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सारांश वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह से मुलाकात कर संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और रेज़िडेंट चिकित्सकों से संबंधित मुद्दों को उनके समक्ष रखा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेज़िडेंट चिकित्सक विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं चिकित्सीय व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके समर्पण, परिश्रम और सहयोग से ही विश्वविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार संभव हो पाता है। उन्होंने रेज़िडेंट चिकित्सकों के हित, कल्याण तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कुलपति ने कहा कि अनुशासन, टीमवर्क और सकारात्मक संवाद के माध्यम से विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है। उन्होंने आरडीए पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे रेज़िडेंट चिकित्सकों की समस्याओं को जिम्मेदारी और समन्वय के साथ प्रस्तुत करेंगे।
वहीं, रेज़िडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी ने भी रेज़िडेंट चिकित्सकों के कल्याण, अनुशासित कार्यसंस्कृति और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं चिकित्सीय प्रगति के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रेज़िडेंट चिकित्सकों से जुड़े मुद्दों के समाधान की दिशा में कार्य करेंगे।


