एटा: सकीट थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्मचंदपुर ईंट भट्ठे के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा (Tragic accident) हो गया। यहां एक अज्ञात बस ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल (injured) हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने 65 वर्षीय महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
मृतक महिला की पहचान 65 वर्षीय सावित्री देवी पत्नी नेपाल सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि सावित्री देवी अपने बेटे जितेंद्र, बहू सिंपल और छह माह के पोते के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर औंछा जा रही थीं। वे अपनी बेटी की गोदभराई समारोह में शामिल होने के लिए निकली थीं। इसी दौरान कर्मचंदपुर ईंट भट्ठे के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में सावित्री देवी के पति नेपाल सिंह दूसरी बाइक पर अपने भतीजे के साथ पीछे-पीछे चल रहे थे। उन्होंने बताया कि अचानक हुए इस हादसे में उनकी पत्नी की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि बेटा, बहू और मासूम नाती घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने सावित्री देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और खुशियों भरा कार्यक्रम मातम में बदल गया।
सकीट थाना प्रभारी विदेश राठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


