लखनऊ। उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य को फार्मा सेक्टर का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने कहा कि “फार्मा सेक्टर में हम लगातार काम कर रहे हैं। निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश में रेड कॉरपेट बिछा है।”
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फार्मा हब के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए बुनियादी ढांचे से लेकर नीतिगत फैसलों तक हर स्तर पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फार्मा सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने फार्मा पार्क हेतु भूमि उपलब्ध कराई है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि ललितपुर में प्रदेश का पहला फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है, जो आने वाले समय में निवेश, उत्पादन और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में मेडिकल डिवाइस पार्क का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। फार्मा और मेडिकल डिवाइस सेक्टर में निवेश से न केवल आर्थिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
फार्मा कॉन्क्लेव में मौजूद निवेशकों और उद्यमियों ने भी राज्य सरकार की नीतियों की सराहना की और उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया।






