इटावा–बरेली हाईवे पर हादसा, 2000 लीटर तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित हुआ
मोहम्मदाबाद। रविवार सुबह करीब 6 बजे इटावा–बरेली हाईवे पर मोहम्मदाबाद कस्बे के पास घने कोहरे के चलते एक मिनरल ऑयल से भरा छोटा टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से टैंकर को सीधा कराया। इसके बाद टैंकर और चालक को कोतवाली ले जाया गया। मिनरल ऑयल की प्रकृति और वैधता की जांच के लिए सप्लाई विभाग को सूचना दी गई।
मौके पर सप्लाई इंस्पेक्टर सुबोध यादव, अभिषेक मिश्रा तथा खाद्य विभाग के वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार पहुंचे। अधिकारियों ने मिनरल ऑयल के सैंपल जांच के लिए भेजे। सप्लाई इंस्पेक्टर सुबोध यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पेट्रोल, डीजल या केरोसिन नहीं प्रतीत हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, टैंकर जनपद एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के मझोला से मिनरल ऑयल लेकर फतेहपुर जा रहा था। टैंकर चालक धीरेश यादव पुत्र जीतपाल सिंह ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई थी, इसी दौरान वाहन डिवाइडर से टकराया और पलट गया। टैंकर में करीब 2000 लीटर मिनरल ऑयल भरा था।
हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जिसे बड़ी राहत माना जा रहा है। पुलिस और विभागीय अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और सैंपल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






