मानवता को झकझोर देने वाली घटना

फर्रुखाबाद| फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। डटावा–बरेली हाईवे के पास मसेनी चौराहे के निकट स्थित एक खाली प्लॉट में एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर जब प्लॉट में पड़े नवजात पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृत नवजात करीब 9 माह का पूर्ण विकसित बालक प्रतीत हो रहा है और उसका जन्म संभवतः रविवार को ही हुआ था। ठंड और असहाय अवस्था में पड़े इस मासूम के शव को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
पुलिस ने नवजात के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। फतेहगढ़ कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर ने बताया कि नवजात का शव मिलने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर बच्चे को यहां फेंकने वालों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में यह दूसरा मामला है, जिसने क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया है। इससे पहले शनिवार को भी इसी क्षेत्र में एक नवजात का शव बरामद हुआ था। उस मामले में भी पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में नवजात का अंतिम संस्कार कराया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं समाज में संवेदनहीनता और नैतिक गिरावट पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here