प्राइवेट हॉस्पिटल के पास खाली प्लॉट में पड़ा मिला नवजात, पुलिस जांच में जुटी
यूथ इंडिया संवाददाता
फर्रुखाबाद। एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मशेनी चौराहा स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल के पास एक खाली प्लॉट में आज नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय कुछ लोगों ने खाली प्लॉट में पड़े नवजात के शव को देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही दरोगा राम मोहन यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस द्वारा मौके पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नवजात मृत अवस्था में फेंका गया या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हुई।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को यहां किसने और किन परिस्थितियों में फेंका।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्रवासियों में रोष और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज की संवेदनहीनता को दर्शाती हैं और प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here