पुलिस ने जारी की विस्तृत यातायात व्यवस्था
फर्रुखाबाद| माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर शनिवार रात 8 बजे से जनपद में रूट डायवर्जन प्रभावी कर दिया जाएगा, जो रविवार को स्नान पर्व संपन्न होने तक लागू रहेगा।
रविवार को माघी पूर्णिमा के साथ ही शहर के प्रसिद्ध पांचाल घाट पर श्री राम नगरिया मेला भी आयोजित हो रहा है। इस कारण गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से मालवाहक और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
कन्नौज और कानपुर रोड से फतेहगढ़ की ओर आने वाले सभी मालवाहक वाहन—जैसे ट्रक, टैंकर, डीसीएम और लोडर—को जिला जेल क्रॉसिंग से सेटूलत जेल होते हुए मैनपुरी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं शाहजहांपुर और जलालाबाद की ओर से आने वाले मालवाहक वाहनों को डबरी तिराहा से अमृतपुर होते हुए बरेली मार्ग पर भेजा जाएगा। जनपद मैनपुरी के बेवर क्षेत्र से फतेहगढ़ आने वाले मालवाहक वाहनों को बेवर सेंट्रल जेल, आईटीआई चौराहा, फैजवाग तिराहा और शमशाबाद की दिशा में डायवर्ट किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है। बरेली, शाहजहांपुर और बदायूं मार्ग से पांचाल घाट आने वाले वाहनों के लिए वन चेतना परिसर में पार्किंग निर्धारित की गई है। इटावा मार्ग और छिबरामऊ मार्ग से आने वाले छोटे वाहनों को राधा रानी हॉस्पिटल परिसर में पार्क कराया जाएगा। इसके अलावा नवाबगंज, शमशाबाद, लाल गेट तिराहा, कादरी गेट और लखोला रोड से आने वाले छोटे वाहनों के लिए मालती गार्डन में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मिलिटरी चौराहा से आर्मी कैंट मार्ग होते हुए पांचाल घाट पहुंचने वाले वाहनों को सोनूटाल क्षेत्र में पार्क कराया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग स्थलों का पालन करें, ताकि गंगा स्नान और मेले के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।






