राजेपुर| थाना क्षेत्र के जिठोली गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद घायल महिला का राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति मायके से दहेज लाने का दबाव बनाता रहा और इसी बात को लेकर वह उसके साथ लगातार मारपीट व गाली-गलौज करता था। महिला ने आरोप लगाया कि पति द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
महिला ने बताया कि हाल ही में दहेज की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने एक बार फिर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर राजेपुर थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी।
राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर उसके पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here