उत्तराखंड के कई जिलों में अलर्ट, तापमान में गिरावट की संभावना
देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आज मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे ठंड में इजाफा हो सकता है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
बारिश और बर्फबारी के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे ठंड और बढ़ेगी, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ने की आशंका को देखते हुए।
प्रशासन ने भी आपदा प्रबंधन से जुड़ी इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। पहाड़ों की ओर जाने वाले यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।






