लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस की ओर से गेट बंद कर दिए जाने के कारण अजय राय को वार्ड के भीतर जाने से रोक दिया गया। हालांकि उन्होंने गेट के बाहर से अमिताभ ठाकुर के चचेरे भाई भीमसेन राय से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। भीमसेन राय ने बताया कि अमिताभ ठाकुर की हालत फिलहाल ठीक है और उन्हें लखनऊ ले जाने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद अजय राय मेडिकल कॉलेज से वापस लौट गए।
अजय राय के अचानक मेडिकल कॉलेज पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। सीओ गोरखनाथ, थाना प्रभारी गुलरिहा और शाहपुर मौके पर पहुंच गए। शाम करीब 6:30 बजे अजय राय जिलाध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी के साथ बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जब वे मेडिसिन इमरजेंसी के वार्ड नंबर 14 के पास पहुंचे तो वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने गेट बंद कर दिया। पुलिस ने बताया कि अंदर हृदय रोगियों का आईसीयू है और संक्रमण के खतरे को देखते हुए किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
इस दौरान करीब 10 मिनट तक अजय राय और उनके समर्थकों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक होती रही। बाद में बंद गेट के भीतर से ही अमिताभ ठाकुर के चचेरे भाई भीमसेन राय से अजय राय की बातचीत कराई गई। मौके पर कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मुलाकात न हो पाने पर अजय राय ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर के साथ लगातार अत्याचार और अन्याय किया जा रहा है। जेल में भी उन्हें प्रताड़ित किया गया और अब अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद मिलने नहीं दिया जा रहा है। अजय राय ने आरोप लगाया कि कोडीन सिरप माफिया विदेशों में घूम रहे हैं, जबकि एक ईमानदार अधिकारी अमिताभ ठाकुर को जेल में रखा गया है। इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद भी मौके पर मौजूद रहे।






