6 मार्च को जारी होने वाली अंतिम सूची ही होगी निर्णायक

लखनऊ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जारी की गई ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर उठ रही आपत्तियों और शिकायतों पर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा लगातार सफाई दे रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्पष्ट किया है कि एसआईआर अभियान का अभी केवल प्रारंभिक चरण पूरा हुआ है और ड्राफ्ट मतदाता सूची अंतिम नहीं है। उन्होंने कहा कि 6 मार्च को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची ही निर्णायक मानी जाएगी।
सीईओ नवदीप रिणवा ने कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सप्पल की आपत्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम होना या न होना किसी भी मतदाता के अधिकार का अंतिम निर्धारण नहीं करता। वास्तविक महत्व अंतिम मतदाता सूची का है। उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनका नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है, तो वे बिना किसी भ्रम के फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। सीईओ ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता का नाम पुराने पते से हट चुका है और नए पते पर अभी नहीं जुड़ा है, तो इसे दोनों स्थानों से नाम कटना नहीं माना जाना चाहिए। ऐसे मामलों में सीधे फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज कराया जा सकता है।
इसी क्रम में चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को लेकर पारदर्शिता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। 11 जनवरी को सभी मतदान केंद्रों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रदर्शन और पठन किया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदेय स्थलों पर लोगों को बताएंगे कि किनका नाम सूची में दर्ज है और किनका नहीं। इस संबंध में सीईओ नवदीप रिणवा की ओर से सभी जिलों के जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
वहीं, मतदाता सूची से नाम कटवाने को लेकर भी बड़ी संख्या में आवेदन सामने आए हैं। अब तक फॉर्म-7 के माध्यम से 49,399 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम हटाने के लिए भी आवेदन प्रक्रिया तेज की जाएगी। इसके साथ ही बड़ी संख्या में शादीशुदा महिलाएं अपने नाम को मायके से हटाकर ससुराल वाले जिले या क्षेत्र में स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भर सकती हैं। चुनाव आयोग का कहना है कि सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर कर अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here