20.3 C
Lucknow
Thursday, February 26, 2026

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026’ हेतु चयनित युवाओं से किया संवाद

Must read

– बहुभाषी दृष्टिकोण और सांस्कृतिक विरासत के वैश्विक प्रसार पर दिया जोर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Governor Anandiben Patel) ने राजभवन में 10 से 12 जनवरी, 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026’ (Developed India Young Leaders Dialogue) के लिए चयनित उत्तर प्रदेश के 79 प्रतिभागियों से संवाद किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उनके उत्साह, आत्मविश्वास और वेशभूषा की सराहना की।

राज्यपाल ने प्रतिभागियों द्वारा धारण की गई साफा/पगड़ी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह सम्मान, दायित्व और विश्वास का प्रतीक है, जिसकी गरिमा बनाए रखना युवाओं का कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रतिभागी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगे।

भारत की सांस्कृतिक शक्ति का वैश्विक प्रसार समय की मांग

राज्यपाल ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का वैश्विक स्तर पर प्रसार आज की आवश्यकता है। योग, सांस्कृतिक प्रवृत्तियां और विरासत भारत की सॉफ्ट पावर हैं। उन्होंने अपने विदेश प्रवास के अनुभव साझा करते हुए बताया कि चीन जैसे देशों में बच्चों को योग करते और भारतीय प्रशिक्षकों से मार्गदर्शन लेते देखना भारत की सांस्कृतिक स्वीकार्यता का प्रमाण है।

नया भारत’ बहुभाषी दृष्टिकोण से ही आगे बढ़ेगा

भाषा के महत्व पर बल देते हुए राज्यपाल ने कहा कि ‘नया भारत और नई दुनिया’ केवल एक या दो भाषाओं से नहीं चलेगी, बल्कि बहुभाषी दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में अटल बिहारी वाजपेयी के हिंदी भाषण को प्रेरणास्रोत बताया और कहा कि आज भी विदेशों के युवा हिंदी, पाली और संस्कृत जैसे भारतीय भाषाओं के ग्रंथों पर शोध के लिए भारत आते हैं।

युवाओं को सृजन, लेखन और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरणा

राज्यपाल ने प्रतिभागियों को आपसी परिचय, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और देशभर के युवाओं से नेटवर्क बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य किए जाएं जिनसे सकारात्मक और सुंदर परिणाम सामने आएं। साथ ही, प्रतिभागियों को अपने अनुभवों पर आधारित पुस्तक या लेखन कार्य करने, सृजनात्मक विचारों को संजोने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ लौटने वाले प्रतिभागियों को पुनः राजभवन में आमंत्रित किए जाने की भी घोषणा की गई।

प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ संकल्प में युवाओं की भूमिका अहम

इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ की शुरुआत की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश से चयनित युवा अपनी प्रतिभा और कौशल से प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।

मंत्री ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश से चयनित 79 प्रतिभागियों में— 28 युवा कल्चरल एवं इनोवेशन ट्रैक,45 युवा विकसित भारत चैलेंज ट्रैक,02 युवा डिज़ाइन फॉर भारत ट्रैक और 04 युवा हैक फॉर सोशल कॉज ट्रैक के अंतर्गत चयनित हैं। उत्सव के दौरान युवाओं को प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिलेगा और नेतृत्व क्षमता व कौशल विकास के अवसर प्राप्त होंगे। सचिव, युवा कल्याण एवं खेल सुहास एल.वाई. ने स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article