लखनऊ| काकोरी थाना क्षेत्र के रहमानखेड़ा स्थित रेलवे लाइन के किनारे घायल अवस्था में मिली छेड़छाड़ की पीड़िता को लेकर सनसनीखेज आरोप सामने आए हैं। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बयान दर्ज कराने से रोकने के लिए उसे चलती ट्रेन से फेंक दिया गया। इस मामले में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में तैनात राजाजीपुरम निवासी प्रधान सहायक कमल कुमार और उसके अन्य परिचितों के खिलाफ हत्या के प्रयास और साजिश की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बताया गया है कि हरदोई में तैनात ठाकुरगंज निवासी युवती बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसके पिता उसे आलमनगर रेलवे स्टेशन पर बरेली एक्सप्रेस में बैठाकर घर लौट आए थे। इसके कुछ ही देर बाद युवती का मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने जब संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला। मोबाइल की आखिरी लोकेशन रहमानखेड़ा फॉर्म के पास रेलवे पटरी के किनारे मिली, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। रेलवे फाटक पर तैनात कर्मचारियों को युवती का मोबाइल नंबर देकर परिजन लौट आए। शाम के समय रेलवे कर्मचारियों ने सूचना दी कि चरवाहों ने ट्रैक के पास एक युवती को घायल अवस्था में देखा है। जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
युवती के भाई ने आरोप लगाया कि 19 दिसंबर को उसकी बहन ने अपने कार्यालय में तैनात प्रधान सहायक कमल कुमार के खिलाफ हरदोई की शहर कोतवाली में छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से वह लगातार मानसिक तनाव में थी। मामला सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों ने आरोपी प्रधान सहायक का तबादला देहात क्षेत्र में कर दिया था।
परिजनों का कहना है कि इस मामले में युवती का बयान दो जनवरी को मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज होना था। बयान से ठीक एक दिन पहले, यानी एक जनवरी को वह जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान लेकर ट्रेन से निकली थी। आरोप है कि कमल कुमार और उसके परिचितों ने साजिश के तहत हत्या के इरादे से युवती को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। परिजनों ने यह भी बताया कि घटना के बाद से युवती का बैग गायब है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि युवती का ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है। उसके घर से लेकर आलमनगर रेलवे स्टेशन तक और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। युवती के होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। आरोपी प्रधान सहायक कमल कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।






