फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी आशुतोष त्रिवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत आयोजित होने वाले मेला श्री रामनगरिया 2025-26 का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में प्रस्तावित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला अवधि के दौरान पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अलाव व कम्बल की समुचित व्यवस्था समय से पूर्ण कर ली जाए, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने शीतकाल को ध्यान में रखते हुए रात्रि में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में सुचारु आवागमन बनाए रखने हेतु ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को मार्गों की सही जानकारी मिल सके और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी कहा कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन द्वारा मेला श्री रामनगरिया को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-हितैषी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।


