फर्रुखाबाद। आगामी मेला रामनगरिया को लेकर तैयारियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में मेला क्षेत्र में वाहन स्टैंड के संचालन का ठेका आवंटित कर दिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मेला लिपिक संजय मिश्रा ने बताया कि वाहन स्टैंड का ठेका 9 लाख 11 हजार 151 रुपये की बोली पर यस यस फैब्रिकेटर्स फर्म के मालिक गोपाल सिंह के नाम हुआ है।
ठेका आवंटन के साथ ही वाहन स्टैंड के निर्माण की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। मेला प्रशासन के अनुसार जल्द ही वाहन स्टैंड क्षेत्र में बेरी कटिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे समय रहते समुचित पार्किंग व्यवस्था तैयार की जा सके। वाहन स्टैंड बनने से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को अपने वाहनों के पार्किंग को लेकर किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
प्रशासन का कहना है कि इस बार मेला रामनगरिया में भीड़ को देखते हुए वाहन स्टैंड को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से विकसित किया जाएगा। पार्किंग व्यवस्था को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे और मेला क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने।
मेला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर वाहन स्टैंड का निर्माण कार्य पूरा किया जा सके। स्थानीय लोगों का भी मानना है कि बेहतर वाहन स्टैंड व्यवस्था से मेले की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।




