लखनऊ| हुसैनगंज थाना क्षेत्र में प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद 22 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। युवती द्वारा बातचीत बंद किए जाने से आहत युवक ने उदयगंज स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की भाभी की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हुसैनगंज के खटिकाना निवासी अशिकांश का क्षेत्र की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। परिजनों का कहना है कि कुछ समय से युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। मंगलवार को उसने युवती से फोन पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन मना किए जाने के बाद वह और अधिक तनाव में आ गया। इसी दौरान उसने उदयगंज इलाके में एक सार्वजनिक शौचालय में जाकर जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में मृतक की भाभी पूजा ने युवती पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर शिवमंगल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




