शहीद स्मारक से गांधी प्रतिमा तक गूंजा नशामुक्ति का संदेश
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में नशामुक्त युवा–विकसित भारत (Drug-free youth – developed India) के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक जागरूकता पदयात्रा (awareness walk) निकाली गई। यह पदयात्रा शहीद स्मारक से प्रारंभ होकर गांधी प्रतिमा तक पहुंची। पदयात्रा का नेतृत्व पूर्व सांसद कौशल किशोर ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण संभव है। नशामुक्ति के बिना स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की कल्पना अधूरी है।
इस पदयात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भाग लिया। हाथों में तख्तियां और नारों के माध्यम से लोगों ने नशामुक्त भारत का संदेश दिया। पूरे मार्ग पर जागरूकता का उत्साह और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव देखने को मिला। पदयात्रा के जरिए नशामुक्त भारत अभियान को मजबूती देने का प्रयास किया गया। आयोजकों ने आमजन से अपील की कि वे नशे के दुष्प्रभावों को समझें, स्वयं नशे से दूर रहें और समाज को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्ति केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता से ही वास्तविक बदलाव संभव है। यह पदयात्रा उसी सामूहिक प्रयास की एक मजबूत कड़ी है।


