मरीज को लेने जा रही एंबुलेंस जाम में अटकी, लोगों ने जताई नाराजगी
शमशाबाद (फर्रुखाबाद): शमशाबाद–अलेपुर मार्ग पर जल जीवन मिशन (Jal Jeevan Mission) के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य के कारण मंगलवार को जाम जैसे हालात बन गए। रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) के निकट पानी की टंकी निर्माण कार्य में लगी एक जेसीबी मुख्य मार्ग पर फंस गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। जाम में एक मरीज को लेने जा रही एंबुलेंस भी फंस गई, जिससे लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों देखने को मिली।
एंबुलेंस फंसने से बढ़ी चिंता
जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद से एक एंबुलेंस रोशनाबाद की ओर किसी बीमार व्यक्ति को लेने जा रही थी। इसी दौरान जल जीवन मिशन के कार्य में लगी जेसीबी मुख्य मार्ग पर जाम के झाम में फंस गई, जिसके चलते एंबुलेंस को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इस स्थिति को बेहद चिंताजनक बताया।
ई-रिक्शा पलटते-पलटते बचा
जाम के दौरान कई वाहन फंसे नजर आए। यातायात सामान्य करने के प्रयास में एक ई-रिक्शा, जिसमें सवारियां बैठी थीं, निकलने की कोशिश में बार-बार असंतुलित हुआ और पलटते-पलटते बचा। घबराए यात्रियों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने और पानी की टंकी निर्माण का उद्देश्य सराहनीय है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिन के उजाले में भारी वाहनों और जेसीबी का उपयोग करना लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।
रात में कार्य कराने की मांग
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों में लगे भारी वाहनों का उपयोग रात्रि के समय किया जाए, ताकि दिन में शमशाबाद–अलेपुर–रोशनाबाद मार्ग पर आवागमन सामान्य और सुरक्षित रह सके। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि इस ओर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो यह लापरवाही किसी अप्रिय घटना का कारण बन सकती है।


