लिंजीगंज बाजार में छापेमारी, जीएसटी चोरी या नकली माल की आशंका
फर्रुखाबाद: कादरी गेट थाना पुलिस (Qadri Gate police) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लिंजीगंज बाजार से विभिन्न नामी कंपनियों का संदिग्ध माल बरामद किया है। पुलिस को शक है कि बरामद किया गया माल या तो जीएसटी चोरी के उद्देश्य से लाया गया है अथवा पूरी तरह से नकली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि लिंजीगंज बाजार क्षेत्र में भारी मात्रा में संदिग्ध माल उतारा जा रहा है। सूचना के आधार पर कादरी गेट पुलिस ने तत्काल छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में विभिन्न कंपनियों का माल बरामद किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि माल के साथ न तो कोई वैध बिल उपलब्ध था और न ही जीएसटी से संबंधित कोई दस्तावेज।
अधिकृत विक्रेताओं ने माल से किया इंकार
पुलिस ने मामले की पुष्टि के लिए संबंधित कंपनियों के अधिकृत विक्रेताओं से संपर्क किया। गोदरेज प्रोडक्ट लिमिटेड के अधिकृत विक्रेता सत्य प्रकाश गुप्ता तथा रिकेट (रेकिट) कंपनी के अधिकृत विक्रेता पंकज गुप्ता से पूछताछ की गई। दोनों विक्रेताओं ने स्पष्ट रूप से बताया कि उनके द्वारा ऐसा कोई माल नहीं भेजा गया है।
अधिकृत विक्रेताओं ने आशंका जताई कि या तो यह माल पूरी तरह नकली है अथवा जीएसटी बचाने के उद्देश्य से अवैध रूप से बाजार में खपाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इन कंपनियों का माल बेचने का अधिकार केवल अधिकृत विक्रेताओं को ही है और बिना बिल के माल की बिक्री पूरी तरह अवैध है।
पुलिस को दी गई तहरीर, कार्रवाई की मांग
दोनों अधिकृत विक्रेताओं ने इस संबंध में कादरी गेट पुलिस को लिखित तहरीर सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के नकली या टैक्स चोरी वाले माल से न केवल कंपनियों की साख को नुकसान पहुंचता है, बल्कि सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान होता है।
जांच में जुटी पुलिस
कादरी गेट पुलिस का कहना है कि बरामद माल की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि माल कहां से आया, किसके द्वारा मंगाया गया और किस नेटवर्क के माध्यम से इसे बाजार में उतारा जा रहा था। आवश्यक होने पर जीएसटी विभाग एवं संबंधित कंपनियों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने माल को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और नकली माल के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।


