लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के 32 जिलों में आज भी कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। सुबह और रात के समय कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की जा रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन कोहरे और ठंड का असर जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
अगले दो दिन और बढ़ेगी ठंड
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे ठंड और अधिक तेज होने की संभावना है। खासतौर पर सुबह के समय शीतलहर जैसा असर महसूस किया जा रहा है।
इन जिलों में कोहरे का ज्यादा असर
मौसम विभाग ने सहारनपुर, बिजनौर और मुरादाबाद में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा रामपुर, बरेली, पीलीभीत में भी कोहरे का व्यापक असर रहेगा। अयोध्या, बाराबंकी समेत कई अन्य जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ठंड और कोहरे के कारण सुबह की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। स्कूली बच्चे, दिहाड़ी मजदूर और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं। कई जगहों पर लोग अलाव का सहारा लेते दिखे, जबकि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को
सुबह और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करने, बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने की सलाह दी है।
प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और सतर्क रहें।





